इंटर्नशिप में डिजिटल कंटेंट क्रिएशन एवं ई-कॉमर्स की बारीकियों से हुए प्रशिक्षु परिचित
रांची, 21 जुलाई : जोहार लॉर्ड बुद्धा फाउंडेशन (JLBF) के तत्वावधान में आयोजित 8 सप्ताहीय "डिजिटल कंटेंट क्रिएशन एंड ई-कॉमर्स" इंटर्नशिप के अंतर्गत आज का प्रशिक्षण सत्र ज्ञानवर्धक एवं व्यावहारिक रहा। कार्यक्रम की शुरुआत इंटर्नशिप को-ऑर्डिनेटर डॉ. अनिता मिश्रा ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए की तथा इंटर्नशिप के उद्देश्य एवं आज के प्रशिक्षण की रूपरेखा से अवगत कराया।
प्रशिक्षण सत्र में इंटर्नशिप डायरेक्टर श्री जी. के. शर्मा (सेवानिवृत्त महाप्रबंधक, CMPDI, नागपुर) ने लगभग 15 मिनट तक कोल फील्ड (Coal Field) एवं कोयला उद्योग की कार्यप्रणाली पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कोल सेक्टर में डिजिटल मार्केटिंग, डिजिटल कम्युनिकेशन, ऑनलाइन ब्रांडिंग तथा आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग जगत की व्यावहारिक आवश्यकताओं तथा डिजिटल तकनीकों के बढ़ते महत्व से भी परिचित कराया।
इसके उपरांत संस्था के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी (Chief Executive Officer) डॉ. भारत भूषण ने इंटर्नशिप के लिए तैयार किए गए अध्ययन मॉड्यूल एवं असाइनमेंट पीडीएफ के आधार पर डिजिटल मार्केटिंग की मूलभूत अवधारणाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मार्केटिंग का अर्थ, डिजिटल मार्केटिंग की परिभाषा, आवश्यकता, महत्व, विकास, डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग, करियर की संभावनाएँ तथा डिजिटल मार्केटिंग के लाभ एवं सीमाओं को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। साथ ही विद्यार्थियों को जीमेल आधारित लैब असाइनमेंट एवं व्यावहारिक गतिविधियों की जानकारी भी दी।
डॉ. भारत भूषण ने कहा कि आज के डिजिटल युग में डिजिटल कंटेंट क्रिएशन एवं ई-कॉमर्स केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि स्वरोजगार, उद्यमिता एवं व्यक्तिगत ब्रांड निर्माण का सशक्त साधन बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अभ्यास करने, प्रत्येक लैब असाइनमेंट समय पर पूर्ण करने तथा सीखी गई तकनीकों का व्यवहारिक जीवन में उपयोग करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण सत्र के अंत में विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। प्रतिभागियों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए आगामी कक्षाओं के प्रति उत्साह व्यक्त किया।
















